दुखद खबर: ड्यूटी से घर लौट रहे फायरमैन की सड़क हादसे में मौत, अगले महीने होनी थी शादी

हल्द्वानी/कालाढूंगी- नैनीताल जिले में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भवाली फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन की मौत हो गई। ड्यूटी पूरी करने के बाद बुलेट बाइक से अपने घर लौट रहे फायरमैन को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे कालाढूंगी थाना क्षेत्र के चकुलवा के पास हुआ। भवाली फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह ड्यूटी खत्म कर ऊधम सिंह नगर के केलाखेड़ा स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जगजीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भेज दिया।
पिता की तबीयत खराब होने पर जा रहे थे घर
बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह मूल रूप से ऊधम सिंह नगर के केलाखेड़ा (बजवाला) निवासी थे। उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण परिवार ने उन्हें घर बुलाया था। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह घर के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
2007 में फायर सर्विस में हुए थे भर्ती
जगजीत सिंह वर्ष 2007 में फायर सर्विस विभाग में भर्ती हुए थे। वह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। अपने मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के कारण विभाग और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।
अगले महीने होनी थी शादी
परिजनों के अनुसार जगजीत सिंह की सगाई हो चुकी थी और अगले महीने उनकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोर्चरी पहुंचे परिजन, एसएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित हल्द्वानी मोर्चरी पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी भी मोर्चरी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








