दुखद खबर: ऋषिकेश में खाई में गिरी स्कॉर्पियो, SI विनोद शर्मा की दर्दनाक मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर
ड्यूटी खत्म कर चौकी लौट रहे थे चौकी प्रभारी, सुबह राहगीरों ने देखा दुर्घटनाग्रस्त वाहन; पुलिस विभाग में शोक की लहर

ऋषिकेश न्यूज़- ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड पुलिस के जवान और शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा शव को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा देर रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। घटना की जानकारी रात में किसी को नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान चलाकर विनोद शर्मा के शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय वाहन में कितने लोग सवार थे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है।
विनोद शर्मा मूल रूप से देहरादून जनपद के डोईवाला क्षेत्र स्थित रानीपोखरी के निवासी थे। वह उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं देने से पहले भारतीय सेना में भी कार्य कर चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी के प्रभारी के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे।
मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाले विनोद शर्मा पुलिस महकमे में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि उनके एक भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।








