उत्तराखण्डक्राइमगढ़वाल,

देहरादून में मां की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: बेटी ने प्रेमी संग रची साजिश, जमीन के लालच में उतारा मौत के घाट

देहरादून न्यूज़- रायवाला क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन में हिस्सा नहीं मिलने से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की साजिश रची। मामले में पुलिस ने बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।

 

 

पुलिस के अनुसार, रानीपोखरी के ग्राम काटल मंडल निवासी खजानी देवी की कई बीघा पुश्तैनी जमीन थी। खजानी देवी और उनका बेटा संजय पुंडीर जमीन बेच रहे थे। आरोप है कि बेटी शिल्पा को न तो जमीन में हिस्सा मिल रहा था और न ही जमीन की बिक्री से मिलने वाली रकम में हिस्सा दिया जा रहा था। इससे नाराज होकर शिल्पा ने मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव फंसे, अब प्रवर समिति की रिपोर्ट के बाद आएगा ओबीसी आरक्षण पर फैसला

 

 

जमीन बेचकर कर्ज चुकाने और गृहस्थी बसाने का प्लान

पुलिस जांच के मुताबिक, शिल्पा के प्रेमी शिव नारायण पांडे पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। शिल्पा ने मां की हत्या के बाद जमीन बेचकर मिलने वाले पैसों से कर्ज चुकाने और दोनों के साथ गृहस्थी बसाने का लालच देकर शिव नारायण को हत्या के लिए तैयार किया।

 

 

21 सितंबर को वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, शिल्पा ने शिव नारायण को बताया था कि उसकी मां अपनी छह वर्षीय पोती को स्कूल छोड़ने के बाद दोपहर तक घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी के आधार पर 21 सितंबर को शिव नारायण खजानी देवी के घर पहुंचा। आरोप है कि मौका देखकर उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद घर के गेट पर बाहर से ताला लगाकर वहां से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ की बेटी ने पास की पीसीएस परीक्षा, हासिल की 16वीं रैंक

 

 

रात में ताला तोड़ने पर मिला शव

दोपहर में खजानी देवी अपनी पोती को स्कूल से लेने नहीं पहुंचीं तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रात करीब 10:30 बजे उनके बेटे संजय पुंडीर ने घर का ताला तोड़ा। अंदर बाथरूम में खजानी देवी का शव पड़ा मिला। इसके बाद 22 सितंबर को रायवाला थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।

 

 

500 होटल-धर्मशालाओं और 200 से ज्यादा CCTV खंगाले

मामले की जांच में पुलिस को घर के आसपास और घटनास्थल तक आने-जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज में शिव नारायण संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। एसपी ग्रामीण जया बलोनी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने हरिद्वार, ऋषिकेश, भूपतवाला और शांतिकुंज क्षेत्र में करीब 500 होटल, धर्मशाला और आश्रमों की जांच की। इसके साथ ही 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- सीएम धामी ने की बड़ी घोषणा, दो सितंबर को प्रदेश में हर वर्ष मनाया जाएगा बुग्याल संरक्षण दिवस

 

 

आश्रम से प्रेमी गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया बेटी का नाम

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शिव नारायण पांडे को भूपतवाला स्थित एक आश्रम से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया।

 

 

पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।