काररोड बाजार में तेज रफ्तार डंपर का कहर, साइकिल सवार की दर्दनाक मौत

लालकुआं न्यूज़- बिंदुखत्ता के काररोड मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर बाजार क्षेत्र में अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार इंद्रानगर द्वितीय, बिंदुखत्ता निवासी कुंवर सिंह गड़िया शनिवार को काररोड बाजार से सब्जी खरीदकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर (संख्या यूए 01-1728) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कुंवर सिंह सड़क पर काफी दूर तक घिसट गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से इंद्रानगर और बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना पर पहुंची लालकुआं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर, स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने बाजार क्षेत्र में बेलगाम दौड़ते वाहनों और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर गहरा आक्रोश जताया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार में स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।








