उत्तराखण्डकुमाऊं,

रामनगर के दिव्यांग विद्यालय में 9 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत

रामनगर न्यूज़- नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के ग्राम बसई स्थित एक दिव्यांग विद्यालय एवं छात्रावास में रह रही 9 वर्षीय दिव्यांग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

 

जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र के रायपुर निवासी लेखराज और उनकी पत्नी पूजा बसई स्थित एक राइस मिल में मजदूरी करते हैं। दंपति ने अपनी 9 वर्षीय बेटी प्रज्ञा का 1 जून को बसई स्थित दिव्यांग विद्यालय और छात्रावास में दाखिला कराया था।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) उपनल कर्मचारी महासंघ ने 'समान काम का समान वेतन देने की मांग' को लेकर लिया यह फैसला, पढ़े पूरी खबर

 

 

मृतक बालिका की मां पूजा का आरोप है कि 12 जून को वह अपनी बेटी से मिलने विद्यालय पहुंची थीं। उस दौरान बच्ची को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। उन्होंने इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन को भी अवगत कराया था। प्रबंधन की ओर से उन्हें बताया गया कि बच्ची को दवा दे दी गई है और आवश्यकता पड़ने पर उसे घर ले जाया जा सकता है।

 

 

परिजनों का आरोप है कि रात के दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बावजूद विद्यालय प्रशासन ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी। शनिवार सुबह विद्यालय की दो कर्मचारी उनके घर पहुंचीं और बच्ची की हालत गंभीर होने की जानकारी दी। जब मां विद्यालय पहुंची तो बच्ची मृत अवस्था में मिली। इसके बाद उसे तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) इन जिलों में 24 से भारी बारिश और बर्फबारी के आसार....

 

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- नोएडा से आए पर्यटकों का वाहन हुआ हादसे का शिकार, दो की मौके पर मौत, कई घायल, देखे सूची

 

 

वहीं विद्यालय प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना है कि बच्ची पहले से ही कमजोर और कुपोषित थी तथा उसकी देखभाल में कोई कमी नहीं बरती गई।

 

 

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।