उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी में HM छात्र की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव; दोस्तों की भूमिका पर उठे सवाल

मोबाइल की कॉल डिटेल डिलीट होने का दावा, सूचना देने वाला दोस्त भी नहीं पहुंचा मोर्चरी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हल्द्वानी न्यूज़- शहर के हाथीखाल-गोरापड़ाव क्षेत्र में एक 24 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। आम्रपाली इंस्टीट्यूट में होटल मैनेजमेंट (एचएम) की पढ़ाई कर रहे छात्र सौरभ सिंह बजेठा का शव रविवार देर रात रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला। शव पर कमर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद मृतक के दो दोस्तों की भूमिका को लेकर परिजनों और परिचितों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

 

 

पुलिस के अनुसार, हाथीखाल निवासी सौरभ सिंह बजेठा (24) का शव रविवार देर रात रेलवे पटरी के बीच संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आया हो, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में गरजा धामी सरकार का बुलडोजर, छावनी में तब्दील रही काठबंगला बस्ती, आंखों के सामने जमींदोज हुए 26 आशियाने

 

 

मृतक के रिश्ते के जीजा सुनील ने बताया कि रात करीब 12:20 बजे सौरभ के दोस्त जतिन रौतेला का फोन आया था। उसने बताया कि सौरभ रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में पड़ा है और संभवतः उसका ट्रेन से हादसा हो गया है। जतिन ने ही शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी थी।

 

 

परिजनों का कहना है कि जतिन रौतेला और भूपेश बिष्ट उर्फ भूप्पी, दोनों सौरभ के करीबी दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते हैं। इसके बावजूद सोमवार दोपहर दो बजे तक दोनों में से कोई भी मोर्चरी नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि उनसे फोन पर संपर्क तो हो रहा है, लेकिन वे लगातार आने से बच रहे हैं। इस कारण परिजनों और सौरभ के मित्रों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- आज से प्री मानसून शुरू, बारिश होने की संभावना

 

 

घटना के बाद आम्रपाली इंस्टीट्यूट के दर्जनों छात्र भी मोर्चरी पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास करते रहे। छात्रों ने भी दोनों दोस्तों से संपर्क साधने की कोशिश की।

 

 

परिजनों ने दावा किया है कि घटना स्थल के पास घास में सौरभ का मोबाइल फोन और हाथ का कड़ा मिला है। उनका आरोप है कि मोबाइल फोन से कॉल डिटेल डिलीट की गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस भी मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट इस दिन होगा जारी

 

 

सौरभ के पिता, पूर्व सैनिक थान सिंह, का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में उनकी 97 वर्षीय दादा वीर सिंह, मां पार्वती देवी और बहन वंदना बजेठा हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।