हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते सीढ़ी की रेलिंग पर बंधे कपड़े से गई 12 साल की बच्ची की जान

हल्द्वानी न्यूज़- रामपुर रोड स्थित राजारानी बिहार क्षेत्र में थर्टी फर्स्ट की रात एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घर के अंदर खेलते समय सीढ़ी की रेलिंग पर बंधे कपड़े से बच्ची के गले में फंदा लग गया, जिससे वह उसमें लटक गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, राजारानी बिहार निवासी भूपेन्द्र पांडे की 12 साल की पुत्री समृद्धि पांडे बुधवार रात घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह सीढ़ी की रेलिंग पर बंधे कपड़े के संपर्क में आ गई। खेल-खेल में कपड़ा उसके गले में फंस गया और दुर्भाग्यवश वह उसमें लटक गई। परिजनों ने जब बच्ची को इस अवस्था में देखा तो तत्काल उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें बच्ची घर के अंदर खेलती हुई दिखाई दे रही है। फुटेज में स्पष्ट है कि सीढ़ी की रेलिंग में बंधे कपड़े से बच्ची के गले में फांस बन गई, जिससे यह हादसा हुआ।
इधर, पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा हुआ है। मासूम बच्ची की आकस्मिक और दर्दनाक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है।








