उत्तराखंड- इस जिले में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 5 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बागेश्वर जिले में 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम की गंभीर स्थिति और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 6 अगस्त 2026 (बृहस्पतिवार) को बागेश्वर जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय छात्र-छात्राओं एवं बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत लिया गया है।
सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा आदेश
आदेश के अनुसार 6 अगस्त को बागेश्वर जिले के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थान या जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मौसम को लेकर प्रशासन अलर्ट
भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बागेश्वर में 6 अगस्त को स्कूल बंद रहने का आदेश मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जारी किया गया है।









