उत्तराखण्डकुमाऊं,

क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?” सुशीला तिवारी अस्पताल की बदहाली पर भड़के डीएम, बाहर की दवाइयां लिखने पर भी लगाई रोक

हल्द्वानी न्यूज- सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेन बसेरे की बदहाल स्थिति और परिसर में गंदगी देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई से लेकर मरीजों और तीमारदारों के लिए जरूरी सुविधाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

 

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही तीमारदारों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में B.Sc छात्रा ने लगाई फांसी, टीचर की डांट से थी परेशान; 10वीं-12वीं की टॉपर थी सिमरन

 

 

रेन बसेरे की हालत देख जताई नाराजगी

रेन बसेरे की खराब व्यवस्था पर जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन से जवाब-तलब करते हुए कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? विंटर में मरीज और तीमारदारों को ठंड लग जाएगी, फिर क्या होगा?” उन्होंने रेन बसेरे में बेड और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- यहाँ पंजाब की नाबालिग लड़की को बनाया हवस का शिकार, रोडवेज बस में सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस जांच में जुटी

 

 

दूर-दराज से आते हैं मरीज, उसी स्तर की मिलें सुविधाएं

जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल प्रदेश का नामचीन चिकित्सा संस्थान है। यहां कुमाऊं समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में मरीजों को उसी स्तर की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, वार्डों और रेन बसेरे की व्यवस्थाओं में सुधार करने को कहा, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

 

बाहर की दवाइयां लिखने पर भी सख्ती

निरीक्षण के दौरान डीएम ने डॉक्टरों की ओर से मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखने की शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डॉक्टर बाहर से दवाइयां लिखना पूरी तरह बंद करें। अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं- कांग्रेस को लालकुआँ से एक और लगा बड़ा झटका, दो बार चेयरमैन रहे दिग्गज कांग्रेसी ने दिया पार्टी से इस्तीफा

 

 

जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल पहुंचने वाले किसी भी मरीज या तीमारदार को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।