उत्तराखंड- यहाँ 9 जून को सार्वजनिक अवकाश घोषित, बैंक-कोषागार भी रहेंगे बंद

रुद्रपुर न्यूज़- नगर पंचायत गढ़ीनेगी के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मतदान दिवस 9 जून (मंगलवार) को निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान बैंक, कोषागार और उप-कोषागार भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊधमसिंहनगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार उत्तराखण्ड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के क्रम में यह निर्णय लिया गया है, ताकि सभी मतदाता अपने मताधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सकें।
आदेश के तहत नगर पंचायत गढ़ीनेगी क्षेत्र में निवास करने वाले तथा शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अर्द्ध-निकायों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों, कारीगरों एवं मजदूरों को मतदान के लिए सवेतन सार्वजनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के सभी बैंक, कोषागार और उप-कोषागार बंद रहेंगे। यह व्यवस्था शासन की अधिसूचना संख्या-763/XXXI(15)/G/2026-69/26597 (सा.)/2013 दिनांक 4 जून 2026 के अनुपालन में लागू की जा रही है।
प्रशासन ने सभी विभागों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों को मतदान में भाग लेने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।








