उत्तराखंड- बेटी को सड़क पार कराने के बाद जेसीबी की चपेट में आई मां, मौके पर मौत, चालक फरार

रुद्रपुर न्यूज़- ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित परशुराम चौक पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला अपनी बेटी के साथ बाजार से घर लौट रही थी। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार जेसीबी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान विमला हर्वोला (29) पत्नी बृजमोहन हर्वोला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र की निवासी थीं और वर्तमान में रुद्रपुर में गगन ज्योति बारात घर के पीछे अपने परिवार के साथ रह रही थीं।
पहले बेटी को सड़क पार कराया, फिर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे विमला अपनी बेटी चित्रांशी के साथ बाजार से घर लौट रही थीं। उन्होंने पहले अपनी बेटी को सुरक्षित सड़क पार कराया। इसके बाद जब वह स्वयं सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार जेसीबी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय मौजूद बेटी चित्रांशी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जेसीबी छोड़कर भाग निकला चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक कुछ दूरी तक जेसीबी लेकर गया और फिर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद परशुराम चौक क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों पैदल यात्री गुजरते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतका के पति बृजमोहन हर्वोला, जो दिल्ली में कार्यरत हैं, रुद्रपुर पहुंच गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।







