नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए हुआ दीक्षारंभ कार्यक्रम, महाविद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रवृत्तियों की दी जानकारी

लालकुआं न्यूज- लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नए विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत लालकुआं अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट और शिक्षक-अभिभावक संघ के उपाध्यक्ष संजय दुम्का रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो डॉ सीमा श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह लोटनी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की नई शुरुआत है। विद्यार्थियों में अपने भविष्य को लेकर उत्साह और जागरूकता दिखाई दे रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ अध्ययन करने और अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महाविद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। प्राचार्य डॉ सीमा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के साथ शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं। विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्तियों का लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, समितियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। संबंधित प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को उनके दायित्वों और उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ कमला पंत ने किया। इस दौरान डॉ प्रकाश लखेड़ा, डॉ हेमचंद्र पांडेय, डॉ अनिता सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ आरके सिंह, डॉ कृष्ण कुमार, डॉ तारा भट्ट, डॉ टीसी पांडे, डॉ कविता बिष्ट, डॉ प्रकाश लखेड़ा, डॉ भूपेंद्र औलख, डॉ भावना मेहरा, डॉ प्रदीप मंडल, डॉ हेमलता गोस्वामी समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।







