उत्तराखंड- यहाँ बारिश का कहर: मकान पर गिरा मलबा, चार लोगों के दबे होने की सूचना

कोटद्वार न्यूज़- पौड़ी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सतपुली तहसील क्षेत्र से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम महर गांव में मंगलवार सुबह एक मकान के ऊपर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में रहने वाले चार लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF को भी मौके पर रवाना किया गया।
SDRF और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना
चार लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना के बाद सतपुली और लैंसडौन से SDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचने के लिए जुटा हुआ है। मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मकान में एक मैक्स वाहन चालक अपने परिवार के साथ रहता था। फिलहाल मलबे में दबे लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और राहत-बचाव टीमों की कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बैर गांव में मकान की रसोई का हिस्सा गिरा
सतपुली तहसील क्षेत्र के ग्राम बैर में भी लगातार बारिश के चलते एक अन्य हादसा हुआ। यहां एक मकान की रसोई का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे में सुशीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों से भी सावधानी बरतने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।








