उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

नौतपा से पहले ही झुलसा उत्तराखंड, 23 मई तक लू का अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में सूरज आग उगलता नजर आ रहा है। गुरुवार को कुमाऊं के पंतनगर, खटीमा समेत प्रदेश के पांच स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

 

प्रदेश में रुड़की सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंतनगर में तापमान 40.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। खटीमा में भी पहली बार इस सीजन में पारा 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। तराई क्षेत्रों में सुबह 10 बजे ही तापमान 35 डिग्री के पार पहुंचने लगा, जबकि शाम पांच बजे तक भी पारा 38 डिग्री से नीचे नहीं उतरा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) प्रदेश में अब नहीं काटने पड़ेंगे कोषागारों के चक्कर, अब घर बैठे जनरेट कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

 

ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में लू चलने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने 23 मई तक मैदानी क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल- इन राशि वालों पर रहेगी मां लक्ष्मी की विशेष कृपा, पढ़े दैनिक राशिफल

 

 

ऊधम सिंह नगर में स्कूलों का समय बदला
भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और 12वीं तक के सरकारी, गैर सरकारी व निजी स्कूलों को सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक संचालित करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह व्यवस्था ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक लागू रहेगी।

 

पहाड़ों में मौसम बदलने के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार से पर्वतीय जिलों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बागेश्वर, पिथौरागढ़ और गढ़वाल मंडल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 22 और 23 मई को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बिजली की भारी मांग और कम उपलब्धता के बीच एक बार फिर गहराया बिजली संकट, छोटे शहरों और कस्बों में भी शुरू हुई कटौती

 

इसके अलावा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।