उत्तराखण्डक्राइमगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहां मां के तानों से भड़का बेटा, नींद में डंडे से पीटकर की हत्या; 28 दिन बाद जंगल से गिरफ्तार

नई टिहरी न्यूज़- टिहरी जिले में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे अजय सजवाण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 28 जुलाई की रात अपनी मां डुग्गा देवी उर्फ गुड्डी की डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह जंगलों में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने 26 अगस्त की शाम करीब पांच बजे जाखणीधार के घने जंगल से उसे गिरफ्तार किया।

 

 

पुलिस के अनुसार, अजय करीब एक सप्ताह तक घर से गायब रहने के बाद 28 जुलाई की शाम कोटी खास, भटगांव स्थित अपने घर लौटा था। रात में उसने खाना बनाया और अपनी मां को खाना परोसा। इसी दौरान मां ने उसकी मानसिक बीमारी, नौकरी छूटने और गांव के लोगों के तानों को लेकर उसे समझाया। मां की बातों से अजय गुस्से में आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  जीजीआईसी दौलिया में कैरियर काउंसलिंग का आयोजन

 

 

इसके बाद अजय ने अपनी मां को सोने के लिए कमरे में बुलाया। जब वह गहरी नींद में सो गईं तो अजय ने डंडे से उनके सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से डुग्गा देवी की मौत हो गई। मां को लहूलुहान हालत में देखकर अजय घबरा गया और रात में ही जंगल की ओर भाग गया।

 

 

बेटी के फोन न उठाने पर हुआ हत्या का खुलासा

29 जुलाई को पंजाब में रह रही मृतका की बेटी ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने गांव के एक व्यक्ति को घर जाकर देखने के लिए कहा। पड़ोसी घर पहुंचे तो डुग्गा देवी बिस्तर पर लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- नगर निकाय चुनाव, अब अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही तैयारी, इस तिथि तक चुनाव होने की संभावना

 

 

दुबई और इंदौर में कर चुका था काम

पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, अजय पहले दुबई और इंदौर में होटल लाइन में काम करता था। करीब एक साल पहले वह गांव वापस आया था और अपनी मां के साथ रह रहा था। बताया गया कि पिछले दो-तीन वर्षों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह पहले भी कई-कई दिनों तक घर से गायब होकर जंगलों में भटकता रहता था।

 

 

अजय की पत्नी और दो बच्चे श्रीनगर गढ़वाल में रहते हैं, जबकि उसका छोटा भाई दुबई में नौकरी करता है।

 

 

चार पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी श्वेता चौबे ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर नई टिहरी थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  येलो अलर्ट: अगले 3 घंटों में उत्तराखंड के कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना

 

 

पुलिस ने आरोपी की तलाश में स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि अजय जाखणीधार के घने जंगलों में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 अगस्त की शाम करीब पांच बजे जंगल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

 

कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्या पाल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।