उत्तराखंड- यहां थार चालक का खौफनाक कारनामा! छात्रों और बस चालक को कुचलने की कोशिश

हरिद्वार न्यूज- रायवाला थाना क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक थार चालक पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बस चालक को वाहन से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी चालक थार लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो बस में मौजूद एक छात्रा ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के छात्रों को लेकर एक बस हरिद्वार की ओर जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक थार चालक कथित तौर पर बार-बार बस को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कुछ छात्र बस से नीचे उतरे और मामले को शांत कराने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान बस में मौजूद छात्राएं घटना का वीडियो बनाने लगीं। आरोप है कि अचानक थार चालक ने वाहन तेज गति से बस चालक और सड़क पर खड़े छात्रों की ओर दौड़ा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छात्रों ने किसी तरह वहां से हटकर अपनी जान बचाई।
घटना में बस चालक को चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है। घायल बस चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, घटना के बाद आरोपी थार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। रायवाला पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब सात बजे की है। शिकायत के आधार पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







