उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- टोल कर्मी पर कार सवार युवकों का हमला, फास्टैग मशीन से सिर फोड़ा; पूरी वारदात CCTV में कैद

देहरादून जनपद के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर-धर्मावाला टोल प्लाजा पर रविवार देर रात टोल कर्मी के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश नंबर की कार में सवार युवकों ने टोल कटने से नाराज होकर न केवल टोल कर्मियों के साथ अभद्रता की, बल्कि एक कर्मचारी पर फास्टैग मशीन से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार निवासी ग्राम शाहपुर कल्याणपुर बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन पर स्थित शाहपुर-धर्मावाला टोल प्लाजा में कार्यरत हैं। उनकी ओर से कोतवाली सहसपुर में दी गई तहरीर के अनुसार रविवार रात करीब 2:21 बजे हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार टोल प्लाजा से गुजर रही थी। ऑटोमेटिक फास्टैग रीडर द्वारा टोल कटते ही कार में सवार युवक भड़क गए और टोल कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- यहाँ वाहन चेकिंग के दौरान लालकुआँ पुलिस ने एक शराब तस्कर को 56 पाउच कच्ची शराब खाम के साथ किया गिरफ्तार

 

 

आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि उनकी पहुंच बहुत ऊंची है और बिना पूछे उनकी गाड़ी का टोल कैसे काट लिया गया। कर्मचारियों द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने के बावजूद युवक हंगामा करते रहे। उन्होंने अपनी कार टोल लेन में खड़ी कर दी, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

 

 

तहरीर के अनुसार, इसके बाद कार में सवार दो युवक नीचे उतरे और निशांत कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने फास्टैग की पोर्टेबल मशीन उठाकर उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों ने लात-घूंसों से मारपीट जारी रखी और उनके कपड़े फाड़ दिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहां प्रधानाध्यापक छात्राओं से करता था छेड़छाड़ व अश्लील हरकत, कई छात्राओं ने छोड़ा स्कूल, आरोपी प्रधानाध्यापक हुआ निलंबित।

 

 

पीड़ित ने बताया कि एक युवक ने कार से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवती ने भी जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने जाते-जाते टोल प्लाजा पर लगे यूएफडी और फास्टैग रीडर मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  अरुणाचल प्रदेश में शहीद हुए उत्तराखंड के लाल हवलदार रविन्द्र सिंह, 20 जनवरी को सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

 

 

घायल कर्मचारी को अन्य टोल कर्मियों की मदद से उप जिला चिकित्सालय विकासनगर ले जाया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगाए गए। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।

 

 

कोतवाली सहसपुर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।