उत्तराखंड- यहाँ ट्रैक्टर ने दो बहनों को रौंदा, B.Tech छात्रा की मौत; बहन की हालत नाजुक

देहरादून न्यूज़- क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी की B.Tech प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बहनें रात में इवनिंग वॉक के बाद पैदल अपने कमरे की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई।
चार खंभा चौक से कमरे की ओर लौट रही थीं बहनें
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के पटेल नगर क्षेत्र में शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास रहने वाली 18 वर्षीय वैष्णवी रावत देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में B.Tech प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। रविवार 9 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के चार खंभा चौक से पैदल अपने कमरे की ओर लौट रही थी।
पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि दोनों बहनें सड़क पर आगे बढ़ रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर संख्या UP 12 BF 7297 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैष्णवी सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं उसकी बहन कृतिका भी घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वैष्णवी को एंबुलेंस की मदद से वेलमेड अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसकी बड़ी बहन कृतिका भी घायल हुई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कृतिका ने पुलिस को हादसे की पूरी जानकारी दी।
ट्रैक्टर कब्जे में, चालक हिरासत में
क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, पुलिस ने हादसे में शामिल मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दिल्ली में रह रहे मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रात अधिक होने के कारण शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जा रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
18 वर्षीय वैष्णवी की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही दिल्ली में उसके परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटी के भविष्य के सपने परिवार ने संजोए थे, उसकी अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल बहन के उपचार को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई है।








