उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड Weather Update: 5 जिलों में बारिश-गर्जन का अलर्ट, मैदानी इलाकों में हीटवेव जैसे हालात

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। जहां पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

 

 

मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं दूसरी ओर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, हल्द्वानी, कोटद्वार और टनकपुर जैसे मैदानी इलाकों में तेज गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटों में हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

 

 

गौरीकुंड-सोनप्रयाग मार्ग पर आया मलबा, देर रात खुला रास्ता
रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार शाम हुई बारिश के बाद गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच मोटर मार्ग पर मलबा आने से चारधाम यात्रा मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए देर रात तक मलबा हटाकर मार्ग को सुचारू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया था। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ हुआ भीषण सड़क हादसा: बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन भिड़े, CNG सिलेंडर फटने से लगी आग; महिला की मौत, 15 से अधिक घायल

 

 

देहरादून में तेज धूप और बढ़ेगी गर्मी
राजधानी देहरादून में बुधवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर के समय उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को अधिक गर्मी महसूस हो सकती है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ होटल में युवती की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत के मामले ने लिया नया मोड़, युवती के परिजन पहुंचे नैनीताल, तो हुआ नया खुलासा, पढ़े पूरी खबर।

 

 

22 मई तक हीटवेव का अलर्ट
प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने 22 मई तक हीटवेव जैसे हालात का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) भी अलर्ट मोड में आ गया है। एसईओसी ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी कर स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

 

स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं तैयार रखने, जबकि जल संस्थान और बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

 

एक दिन पहले ऐसा रहा मौसम
मंगलवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्मी रही, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में बारिश और ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में देर रात हुई बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

यह भी पढ़ें 👉  13 मार्च तक दोगुनी रफ्तार से पूरे हों विकास कार्य: डीएम ललित मोहन रयाल

 

चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह और शाम के समय ठंडक बनी रही।

 

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
21 मई 2026
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी बनी रह सकती है।

 

22 मई 2026
पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी जिलों में हीटवेव का असर जारी रहेगा।

 

23 मई 2026
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी, कोटद्वार और टनकपुर में मौसम शुष्क रहने के साथ गर्मी का असर बना रहेगा।