उत्तराखंड: बात करने से किया मना तो आगबबूला हुआ युवक, महिला मित्र पर चला दी गोली

खटीमा/सितारगंज- उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने कथित तौर पर अपनी महिला मित्र पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घायल महिला का अपने पति से लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसके साथ वह रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार शाम महिला अपनी छोटी बहन के साथ बाजार से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। महिला की बहन ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद युवक ने गुस्से में तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सितारगंज पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







