उत्तराखंड में मौसम फिर होगा तल्ख, 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; 7 जिलों में भी चेतावनी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
4 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में सोमवार को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को भी कई इलाकों में हुई बारिश
रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बारिश की बौछारें पड़ीं, जबकि उमस के कारण लोग परेशान रहे। देर शाम आसमान में घने बादल छा गए और बारिश का दौर तेज होने लगा। रात में देहरादून के कई हिस्सों में जोरदार बारिश भी हुई।
भूस्खलन और जलभराव को लेकर सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़कें अवरुद्ध होने, जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
अगले 24 घंटे अहम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता काफी अधिक रह सकती है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।








