उत्तराखंड के 6 जिलों में आज यलो अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी; नदियों का जलस्तर बढ़ा, 4 अगस्त तक बिगड़ा रहेगा मौसम

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत शामिल हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज से अतितीव्र बारिश के दौर पड़ने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
स्यानाचट्टी में बढ़ा यमुना का जलस्तर
उत्तरकाशी के बड़कोट स्थित यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पिथौरागढ़ में सुबह हुई बारिश
पिथौरागढ़ में सोमवार सुबह बारिश हुई। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।
केदारनाथ यात्रा फिर शुरू
केदारनाथ धाम का पैदल मार्ग सुरक्षित होने के बाद श्रद्धालुओं को सुबह से सोनप्रयाग से धाम के लिए रवाना किया जा रहा है। हालांकि मौसम को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
IMD ने जारी की सतर्कता की अपील
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज से अतितीव्र बारिश के दौर पड़ सकते हैं। वहीं मैदानी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
₹
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
अगले 3 दिन ऐसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम
2 अगस्त
देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तीव्र से अतितीव्र दौर पड़ने की आशंका है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
3 अगस्त
देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। पर्वतीय इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अतितीव्र बारिश के दौर पड़ सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
4 अगस्त
देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अतितीव्र दौर पड़ने की आशंका बनी रहेगी। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।








