अलर्ट! 1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर पर नया नियम, आधार बायोमेट्रिक नहीं कराया तो सब्सिडी में आएगी दिक्कत

नई दिल्ली- घरेलू LPG सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से अहम बदलाव होने जा रहा है। सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा होना जरूरी होगा। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक आधार की बायोमेट्रिक जांच पूरी नहीं कराई है, उन्हें सब्सिडी वाले रेट पर सिलेंडर लेने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है।
सरकार के मुताबिक, देश में सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में से 27.43 करोड़ यानी करीब 89.9 प्रतिशत उपभोक्ता पहले ही बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को दोबारा किसी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी और उनकी LPG बुकिंग पहले की तरह जारी रहेगी।
घर बैठे भी पूरा कर सकते हैं आधार ऑथेंटिकेशन
जिन उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अभी पूरा नहीं हुआ है, उनके लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं। LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा उपभोक्ता LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी आधार ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।
उपभोक्ता संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप से घर बैठे भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्ता HelloBPCL और एचपी गैस उपभोक्ता HP PAY ऐप के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन कर सकते हैं।
सब्सिडी नहीं चाहिए तो भी मिलता रहेगा LPG
सरकार के मुताबिक, जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहते या किसी कारण से इसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं, वे LPG सिलेंडर लेना जारी रख सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी तेल कंपनी के डिजिटल चैनल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के माध्यम से अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।
ऐसे उपभोक्ताओं को LPG सिलेंडर बिना सब्सिडी के बाजार कीमत पर मिलेगा। स्थानीय उपलब्धता के आधार पर 5 किलो या 10 किलो के LPG सिलेंडर का विकल्प भी उपलब्ध हो सकता है।
कई बार बढ़ाई गई थी ऑथेंटिकेशन की अंतिम तारीख
आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करने की शुरुआती समय सीमा 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी। उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय देने के लिए इसकी समय सीमा कई बार बढ़ाई गई और आखिरकार 14 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया।
सरकार के अनुसार, अक्टूबर 2023 से चल रहे अभियान के तहत LPG उपभोक्ताओं को 12 करोड़ से अधिक SMS और WhatsApp संदेश भेजे गए हैं। इसके अलावा LPG वितरकों, डिलीवरी कर्मचारियों और विशेष कैंपों के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा कराने के लिए जागरूक किया गया।
सितंबर में करीब 210 रुपये की अंतर्निहित सब्सिडी
सरकार के मुताबिक, सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की वास्तविक लागत और बिक्री मूल्य के बीच अंतर से जुड़ी अंतर्निहित सब्सिडी करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर है। जून 2026 में यह राशि करीब 721 रुपये तक पहुंच गई थी।
LPG सब्सिडी के लिए सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 में तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को 22,000 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया था। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 और 2026-27 में 30,000 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
1 अक्टूबर से पहले करा लें बायोमेट्रिक
सरकार ने उन सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करने की अपील की है, जिनकी प्रक्रिया अभी लंबित है। इससे सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर की बुकिंग में संभावित परेशानी से बचा जा सकेगा।
LPG सेवाओं से जुड़ी किसी भी सहायता के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 2333 555 पर संपर्क कर सकते हैं।








