उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, 15 अक्टूबर के बाद CM धामी अचानक सड़क मार्ग से निकलकर लेंगे जायजा

देहरादून न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई प्रदेश की सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सड़क मरम्मत और सुधार कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

 

 

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी की जाए। सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

 

सीएम धामी ने अधिकारियों को साफ संकेत देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वह कभी भी सड़क मार्ग से प्रदेश के किसी भी हिस्से का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह सड़कों की स्थिति का औचक निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े विभागों में कार्यों को समय पर पूरा करने की चुनौती बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें 👉  डूंगरपुर में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई

 

 

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया।

 

 

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए।

 

 

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान पर जोर

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- कृपया दान न दे… बनभूलपुरा हिंसा के नाम पर अब पैसे लूटने का खेल हुआ शुरू, नैनीताल पुलिस को जारी करना पड़ा नोटिस,

 

 

सीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं का जहां तक संभव हो, मौके पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के करीब लाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

 

 

‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

 

 

स्वाइन फ्लू और जलजनित बीमारियों को लेकर अलर्ट

मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू समेत अन्य संक्रामक और जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों से समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी – (बड़ी खबर) नैनीताल पुलिस ने जारी किए बनभूलपुरा दंगे में वांछित 9 फरार दंगाईयो के पोस्टर

 

 

अस्पतालों में साफ-सफाई, जरूरी दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।

 

 

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल समेत विभिन्न विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।