नैनीताल- ट्रांसफार्मर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 39 वर्षीय युवक का शव, करंट लगने की आशंका

नैनीताल जिले के भीमताल स्थित गोलूधार सोसायटी में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 39 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली के ट्रांसफार्मर के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और ऊर्जा निगम को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक (एसआई) महेंद्र राज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, युवक का शव बिजली के खंभे पर लगे ट्रांसफार्मर के पास मिला। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर करंट लगने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
कुक का काम करता था मृतक
पुलिस ने मृतक की पहचान अमर राम (39) पुत्र बच्ची राम, निवासी घूरकूना, पोस्ट ऑफिस अंडोली, अल्मोड़ा के रूप में की है। बताया गया है कि अमर राम गोलूधार निवासी आकाश कपूर के घर पर कुक का काम करता था।
बुधवार शाम से था लापता
मकान मालिक आकाश कपूर के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे अमर राम ने फोन कर बताया था कि वह बाल कटवाने के लिए जा रहा है। करीब आधे घंटे बाद जब उन्होंने अमर राम को दोबारा फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
आकाश कपूर ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे इलाके की बिजली भी गुल हो गई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव ट्रांसफार्मर के पास मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








