उत्तराखण्डकुमाऊं,

मौसम की बाधा भी नहीं रोक सकी CM धामी का सफर, हेलीकॉप्टर नहीं उतरा तो सड़क से पहुंचे चंपावत

चंपावत/रुद्रपुर- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत दौरे में गुरुवार को खराब मौसम के चलते बदलाव करना पड़ा। धूरा हेलीपैड पर मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर सका। इसके बाद मुख्यमंत्री टनकपुर स्टेडियम हेलीपैड पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए धूरा के रामलीला मैदान में आयोजित सशक्त बहना उत्सव में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

 

 

सशक्त बहना उत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाएं स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिन्हें बाजार तक पहुंचाने में सरकार लगातार सहयोग कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  अग्निवीरों के लिए HNBGU में डिप्लोमा कोर्स शुरू, 25 अप्रैल तक करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ें और आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।

रुद्रपुर में 800 विद्यार्थियों से संवाद

चंपावत पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में शामिल हुए। जेपीएस स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के अलग-अलग स्कूलों से करीब 800 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

 

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पलायन, तकनीक और स्टार्टअप सहित उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी गए और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया और चॉकलेट भी बांटी। इस दौरान कुछ बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखी भी बांधी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी हिंसा- बनभूलपुरा बवाल में घायल एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान हुई मौत, सिर के आर-पार हो गई थी गोली

 

 

इसके बाद ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद किया। छात्रों ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत अपने विचार और निबंध प्रस्तुत किए। इनमें से चयनित 15 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा की और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके सुझाव सुने।

 

 

युवाओं के सुझावों से बनेगा विकसित उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। सरकार चाहती है कि विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी सोच और सुझाव भी सामने रखें।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ पुलिस ने 06 वारंटियों को किया गिरफ्तार

 

 

उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने, पर्यटन को मजबूत करने, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, पर्यावरण संरक्षण, पलायन रोकने और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को लेकर सुझाव लिए।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से विकसित उत्तराखंड को लेकर उनके सुझाव और विजन मांगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों और सुझावों को प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।