रुद्रपुर में दूध में थूक मिलाने के आरोप से हड़कंप, CCTV फुटेज वायरल; दूधिया हिरासत में

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दूध की सप्लाई करने वाले एक दूधिया पर दूध में थूक मिलाने का गंभीर आरोप लगा है। रविंद्र नगर क्षेत्र में सामने आए इस मामले का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
महिला ने दूध में थूक मिलाने का लगाया आरोप
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में रोजाना दूध की सप्लाई करने वाला दूधिया जब एक घर पर दूध देने पहुंचा, तो एक महिला ने उस पर दूध के बर्तन में थूकने का आरोप लगाया। महिला के दावे के बाद आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी जुटाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
कथित फुटेज में बाइक पर दूध की टंकियां लेकर पहुंचे व्यक्ति को एक कैन का ढक्कन खोलकर उसे अपने मुंह के पास ले जाते हुए देखा जा सकता है। इसी फुटेज को लेकर लोगों ने दूधिया पर दूध में थूक मिलाने का संदेह जताया।
मौके पर लोगों ने घेरा, पहचान को लेकर भी सवाल
घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों ने दूधिया को घेर लिया और उससे पूछताछ की। इस दौरान हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में व्यक्ति ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह दूध में थूक नहीं मिला रहा था, बल्कि दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए उसे सूंघ रहा था।
आरोपों के बीच व्यक्ति ने अपना नाम ‘प्रेम’ बताया, जबकि बाद में उसकी पहचान मोहम्मद शाहिद के रूप में होने की बात सामने आई। पहचान को लेकर उठे सवालों के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम रविंद्र नगर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शाहिद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि व्यक्ति वास्तव में दूध में थूक रहा था या किसी अन्य कारण से कैन को मुंह के पास ले गया था।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की सच्चाई सामने आने का इंतजार है।








