लालकुआं में युवक ने खुद पर डीजल डालकर लगाई आग, गंभीर हालत में एसटीएच में भर्ती

लालकुआं न्यूज़- घोड़ानाला क्षेत्र की वीआईपी गेट कॉलोनी में बुधवार को एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में कथित तौर पर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि कमरे में रखा घरेलू सामान भी जल गया।

जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट कॉलोनी निवासी सत्येंद्र गंगवार (पुत्र धर्मपाल गंगवार) की पत्नी कुछ समय पहले नाराज होकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से सत्येंद्र परेशान चल रहा था। बुधवार को उसने कथित तौर पर अपने कमरे के अंदर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली।
युवक के कमरे से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे सत्येंद्र को बाहर निकाला। घटना की सूचना तत्काल 108 सेवा को दी गई।
108 एंबुलेंस की मदद से घायल सत्येंद्र को उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक आग से गंभीर रूप से झुलसा है।
घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।








