कैंची धाम दर्शन के बाद नदी में नहाने उतरे जयपुर के युवक की डूबने से मौत, जन्मदिन पर आया था नैनीताल

नैनीताल न्यूज़- कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करने पहुंचे राजस्थान के जयपुर निवासी 21 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने चार दोस्तों के साथ नैनीताल आया था। शनिवार को कैंची धाम में दर्शन करने के बाद सभी दोस्त खैरना-गरमपानी क्षेत्र में रामगढ़ पुल के पास नदी में नहाने चले गए। इसी दौरान हादसा हो गया।
मृतक की पहचान जयपुर निवासी प्रिंस बगोरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस 30 जुलाई को अपनी मां की कार खुद चलाकर चार दोस्तों के साथ नैनीताल के लिए निकला था। इसी दौरान दोस्तों के साथ उसने अपना 21वां जन्मदिन भी मनाया था।
कैंची धाम में दर्शन के बाद केदारनाथ-बद्रीनाथ जाने का था प्लान
प्रिंस और उसके दोस्त शनिवार, 1 अगस्त को विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचे थे। यहां सभी ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए। दर्शन के बाद दोस्तों ने आगे केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर जाने की योजना बनाई थी।
इसी दौरान खैरना-गरमपानी क्षेत्र में रामगढ़ पुल के पास नदी देखकर दोस्तों का नहाने का मन हुआ। चारों दोस्त नदी में उतर गए। इसी दौरान प्रिंस अपने एक साथी के साथ पानी में चला गया।
दोस्तों से मजाक करते समय गहरे गड्ढे में गया
बताया जा रहा है कि नदी में दोस्तों के साथ मस्ती और मजाक करते समय प्रिंस अचानक नदी में बने गहरे गड्ढे और तेज बहाव की ओर चला गया। उसने बाहर निकलने और तैरने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया।
प्रिंस को डूबता देख उसके दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा और खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही SDRF की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
SDRF टीम में पुष्कर जीना, अमित टम्टा, गणेश मेहरा, विपुल भट्ट, कमल जोशी और विक्रम सिंह शामिल रहे। पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने मिलकर गहरे पानी में रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद प्रिंस को नदी से बाहर निकाला गया। मौके पर ही उसे ऑक्सीजन देकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जन्मदिन पर आया था नैनीताल, परिवार में मचा कोहराम
प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। वह अपनी मां की कार लेकर दोस्तों के साथ नैनीताल आया था। कैंची धाम में दर्शन करने के बाद उसकी आगे केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम जाने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही नदी में हुए हादसे ने उसकी जान ले ली।
भवाली कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को जयपुर में दे दी है। वहीं, पुलिस उसके साथ आए दोस्तों से हादसे के संबंध में पूछताछ कर रही है।







