Bank Strike: बैंक कर्मचारियों का बड़ा ऐलान! 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन

नई दिल्ली- पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत लंबित मांगों के समाधान को लेकर बैंक कर्मचारी यूनियनों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया है। इसके बाद भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।
यूएफबीयू की 14 सितंबर को हुई बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति तय की गई। यूनियनों के मुताबिक पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर भारतीय बैंक संघ (आईबीए) तथा वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
22 सितंबर को काली पट्टी बांधकर विरोध
बैंक यूनियनों ने आंदोलन के तहत अलग-अलग तारीखों में विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम भी तय किया है। 18 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद 20 सितंबर को इंटरनेट मीडिया अभियान चलाया जाएगा, जबकि 22 सितंबर को बैंक कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे।
24 सितंबर को विभिन्न केंद्रों पर प्रदर्शन
आंदोलन के अगले चरण में 24 सितंबर को राज्य राजधानियों के अलावा अन्य केंद्रों पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल की तैयारियों को लेकर बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।
28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाओं पर असर संभव
यूएफबीयू के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया है। ऐसे में यदि हड़ताल टली नहीं तो बैंकिंग सेवाओं पर लंबे समय तक असर पड़ने की स्थिति बन सकती है।
यूनियनों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित लंबित मुद्दों पर आईबीए और डीएफएस की ओर से अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण आंदोलन जारी रखना जरूरी है। अब सरकार और संबंधित पक्षों की ओर से होने वाली बातचीत पर सभी की नजर रहेगी।








