10वीं-12वीं में फेल छात्रों को बड़ी राहत, अब बिना साल गंवाए फिर दे सकेंगे परीक्षा

देहरादून न्यूज– 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में असफल हुए छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देकर अपना परिणाम सुधारने का मौका दिया है, ताकि उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।
एनआईओएस की ओर से फेल या कम अंक पाने वाले छात्रों के लिए “स्ट्रीम-2” परीक्षा योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत छात्र केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकेंगे, जिनमें वे असफल हुए हैं या जिनमें अंक कम आए हैं।
क्षेत्रीय निदेशक अनिता नायर ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मई कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर-नवंबर में परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि परिणाम दिसंबर के पहले सप्ताह तक जारी कर दिए जाएंगे।
योजना की खास बात यह है कि छात्र अपने मूल बोर्ड के दो पास किए गए विषयों के अंक एनआईओएस के परिणाम में शामिल करा सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को केवल तीन विषयों की परीक्षा देनी होगी, जिससे उनकी पढ़ाई का नुकसान कम होगा और वे समय रहते अगली कक्षा या आगे की पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
छात्र एनआईओएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।








