एमबीपीजी कॉलेज में बड़ा उलटफेर, ABVP के बागी आर्यन बेलवाल बने छात्र संघ के अध्यक्ष,

हल्द्वानी न्यूज़- एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव का परिणाम मंगलवार की मध्य रात्रि के बाद सामने आया। त्रिकोणीय मुकाबले में एबीवीपी के बागी निर्दल प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने बाजी मारते हुए छात्र संघ के 45वें अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल साह को 466 मतों के अंतर से हराया। वहीं, अध्यक्ष पद पर पिछले दो चुनावों में काबिज रही एबीवीपी इस बार तीसरे स्थान पर रही।
कॉलेज में मंगलवार को अध्यक्ष और सचिव समेत विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले मतदान में कुल 12,800 छात्र-छात्राओं में से 4,063 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 3:30 बजे एलबीएस बहुद्देश्यीय भवन में मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई और शाम 4 बजे से वोटों की गिनती शुरू की गई।
रात करीब 12:45 बजे तक 18 राउंड में मतगणना पूरी हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एलएम पांडे के अनुसार अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल को 1,723 वोट, एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल साह को 1,257 वोट और धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। इस तरह आर्यन बेलवाल ने मेहुल साह को 466 मतों से पराजित किया।
अन्य पदों पर भी घोषित हुए परिणाम
उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने वशिष्ठ कुमार को 145 मतों से हराया। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीपा रैकुनी ने श्रेया पांडे को 303 मतों के अंतर से पराजित किया।
सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी ने भविष्य रावत को 394 मतों से हराकर जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने दीपा बिनवाल को 379 मतों से मात दी।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पांडे ने करन सिंह डोभाल को 805 मतों के बड़े अंतर से हराया। वहीं, संयुक्त सचिव पद पर रिषिका सिंह और सांस्कृतिक सचिव पद पर चंद्रकांत निर्विरोध निर्वाचित हुए।
परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें बधाई दी।
एमबीपीजी कॉलेज की नई छात्र संघ
- अध्यक्ष: आर्यन बेलवाल
- सचिव: सार्थक रस्तोगी
- उपाध्यक्ष: पूरन सिंह मेवाड़ी
- उपाध्यक्ष छात्रा: दीपा रैकुनी
- संयुक्त सचिव: रिषिका सिंह
- कोषाध्यक्ष: अक्षिता आर्या
- सांस्कृतिक सचिव: चंद्रकांत
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: यतिन पांडे
- कला संकाय प्रतिनिधि: अदिति पाठक
- विज्ञान संकाय प्रतिनिधि: कोमल आर्या
- वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि: आयुष माहेश्वरी
तीसरी बार हैटट्रिक से चूकी एबीवीपी
एमबीपीजी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर हैटट्रिक बनाने से चूक गई। उपलब्ध चुनावी इतिहास के अनुसार पिछले 16 वर्षों में वर्ष 2013 और 2019 में भी एबीवीपी अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी जीत दर्ज नहीं कर सकी थी।
वहीं, इस बार आर्यन बेलवाल की जीत के साथ एमबीपीजी कॉलेज में एबीवीपी के बागी उम्मीदवार के निर्दल प्रत्याशी के तौर पर जीतने का सिलसिला भी आगे बढ़ा है। इससे पहले 2014, 2016 और 2022 के चुनावों में एबीवीपी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दल मैदान में उतरे प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर चुके हैं।







