उत्तराखंड में मौसम बदलेगा करवट, पहाड़ों में बारिश का यलो अलर्ट; 28-30 जून के बीच मानसून की दस्तक संभव

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र दौर और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से ऊंचे व खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है।
विभाग का अनुमान है कि 28 से 30 जून के बीच प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है, जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
अगले तीन दिन का मौसम
27 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
28 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के बाकी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
29 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। शेष पर्वतीय जिलों में भी कई जगह बारिश हो सकती है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों को मौसम का अपडेट देखते रहने तथा खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।








