उत्तराखण्डकुमाऊं,

कैंची धाम से जागेश्वर जा रही श्रद्धालुओं की बोलेरो अल्मोड़ा में खाई में गिरी, 11 घायल; 4 की हालत गंभीर

बाड़ेछीना के पास 25 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

अल्मोड़ा न्यूज़- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कैंची धाम के दर्शन कर जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो वाहन बाड़ेछीना के पास करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन में सवार सभी 11 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

 

जानकारी के अनुसार हादसा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौलछीना क्षेत्र के बाड़ेछीना के निकट हुआ। बोलेरो (UK 03 TA 0097) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सात वयस्क और चार बच्चे सवार थे, जो कैंची धाम के दर्शन करने के बाद जागेश्वर धाम की ओर जा रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी – (बड़ी खबर) बनभूलपुरा कांड के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक की पत्नी साफिया मलिक को पुलिस ने यहाँ से किया गिरफ्तार

 

 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रद्धालु परिवार टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद कैंची धाम पहुंचा था। दर्शन के बाद वे जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए, लेकिन बाड़ेछीना पहुंचने पर चालक भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना मार्ग की ओर मुड़ गया। करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ने पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो खाई में जा गिरी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में फ्लेमलेस कुकिंग कार्यशाला ने बच्चों में जगाया पाक कला का जुनून

 

 

घायलों में दिनेश कुमार शुक्ला (62), प्रतिमा शुक्ला (50), पूर्णिमा शुक्ला (24), स्नेहा शुक्ला (23), अमित तिवारी (32), दीपाली तिवारी (25), दिव्यांश तिवारी (5), शिवांश तिवारी (2), ममता कौशल, मानवी कौशल तथा चालक शेर सिंह (56) शामिल हैं। अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश के कानपुर और अयोध्या जिले के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  महिला दिवस पर पीएम मोदी का तोहफा, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में किया बड़ी कटौती का एलान

 

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक शेर सिंह को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हालांकि वाहन एक गधेरे में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।

 

 

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा शुक्ला, दीपाली तिवारी समेत तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।