पिथौरागढ़ में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, मैक्स चालक पर हत्या का शक; मुकदमा दर्ज

पिथौरागढ़ न्यूज़- जिले के डीडीहाट क्षेत्र में एक युवक का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने मैक्स वाहन चालक पर हत्या का संदेह जताते हुए कोतवाली डीडीहाट में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हुनेरा, पोस्ट आदिचौरा निवासी भूपेंद्र सिंह चौहान (33) सोमवार 13 जुलाई को किसी कार्य से डीडीहाट आए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि वह यूके-05टीए-3333 नंबर की मैक्स वाहन से अपने गांव लौट रहे थे, जिसे ग्राम कूटा निवासी सुमित सिंह धामी चला रहा था।
इसी बीच कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे भूपेंद्र सिंह का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। शव के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए। घटना की सूचना वाहन चालक पंकज कन्याल ने डायल 112 पर दी, जिसके बाद कोतवाली डीडीहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की माता गंगा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने मैक्स चालक सुमित सिंह धामी पर हत्या का संदेह जताते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।








