उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, देहरादून-उत्तरकाशी में तेज बारिश

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी देहरादून में गुरुवार सुबह करीब छह बजे से तेज बारिश हो रही है। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते कुछ ही देर में जलभराव जैसे हालात बन गए। वहीं, उत्तरकाशी में भी तेज बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून समेत प्रदेश के कई पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 17 सितंबर को प्रदेश में गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 18 सितंबर से मौसम को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
NH-09 पर रात में आवाजाही बंद
बारिश के बीच पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है। घाट बैंड/मुन्ना बैंड के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर, बोल्डर और मलबा गिरने के कारण रात के समय यातायात रोक दिया गया है। किमी 168.600 से 168.800 के बीच शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
एसडीएम जितेंद्र वर्मा के अनुसार, संबंधित पहाड़ी बेहद संवेदनशील है और दिन-रात लगातार पत्थर गिर रहे हैं। मार्ग से मलबा हटाने के लिए मशीनें लगाई गई हैं और काम जारी है। उन्होंने बताया कि यातायात पर लगाया गया प्रतिबंध मार्ग सामान्य होने तक लागू रहेगा।
18 सितंबर को इन जिलों में बारिश
18 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
19 सितंबर को सभी जिलों में बारिश के आसार
19 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बारिश का प्रभाव स्थान विशेष पर अलग-अलग रह सकता है।
20 सितंबर को पहाड़ों में हल्की बारिश
20 सितंबर को पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।








