जयपुर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को जड़ा थप्पड़, प्रदर्शन स्थल पर हंगामा; 5 युवक गिरफ्तार
NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुआ विवाद, समर्थकों और युवकों के बीच मारपीट

जयपुर में नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने हमला कर थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दीपके के समर्थकों ने कथित तौर पर दो युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा, कुलदीप सिंह शेखावत और निकेत को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर अभिजीत दीपके की अगुवाई में सैकड़ों युवा और छात्र प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने दीपके के करीब पहुंचकर उन्हें थप्पड़ मार दिए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि यह हमला उनके आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को हिंदू-मुस्लिम और जाति-धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि 20 जून को एक बार फिर दिल्ली कूच किया जाएगा और इस बार बिना इस्तीफे के वापस नहीं लौटेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर भी विवाद हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। वहीं, कई प्रदर्शनकारियों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी की। इसके बाद मंच से लोगों को अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।
धरने में शामिल युवाओं ने “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारों वाले पोस्टर और तिरंगे के साथ प्रदर्शन किया। कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी आंदोलन में शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच की आकृति बनाकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग लिखी।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की लड़ाई है। उनका कहना है कि यह शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ जनआंदोलन है।
गौरतलब है कि अभिजीत दीपके अमेरिका में अध्ययन कर रहे हैं और इससे पहले 2020 से 2022 के बीच आम आदमी पार्टी में सोशल मीडिया रणनीतिकार के रूप में काम कर चुके हैं। कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। पार्टी का दावा है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर उसे सोशल मीडिया पर करोड़ों लोगों का समर्थन मिल रहा है।









