हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, DM-SSP संग 350 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

हल्द्वानी न्यूज़- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में भव्य जनपद स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की गरिमामयी उपस्थिति रही। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस शिविर में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
शिविर में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. त्रिलोक बिष्ट, मुख्य प्रशिक्षक डॉ. कंचन सूंठा एवं विशेषज्ञ टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों, तनाव प्रबंधन और गंभीर बीमारियों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में स्वस्थ जीवनशैली का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए अवश्य निकालने चाहिए। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को मजबूत और ऊर्जावान बनाता है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस लाइंस और अग्निशमन इकाइयों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।







