उत्तराखण्डकुमाऊं,

देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या, झारखंड कनेक्शन और आपराधिक अतीत फिर चर्चा में

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की मौत हो गई। जिम से बाहर निकलते समय हमलावरों ने उस पर नजदीक से फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 

विक्रम शर्मा का नाम सामने आते ही उसका आपराधिक अतीत और झारखंड से जुड़ा नेटवर्क फिर सुर्खियों में आ गया है। सूत्रों के अनुसार देहरादून में जन्मा विक्रम शर्मा 19 अप्रैल 2017 को रांची पुलिस द्वारा देहरादून से गिरफ्तार किया गया था। वर्षों बाद उसी शहर में उसकी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

झारखंड में सक्रियता और अखिलेश सिंह से करीबी
सूत्रों के मुताबिक विक्रम शर्मा झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में लंबे समय तक सक्रिय रहा। उसे कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी सहयोगी और ‘गुरु’ माना जाता था। बताया जाता है कि दोनों के रिश्ते को अपराध जगत में नेतृत्व और संचालन से जोड़कर देखा जाता था।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में गुलदार का आतंक: चारा लेने गई महिला को बनाया शिकार, एक महीने में छठी घटना से दहशत

 

जब अखिलेश सिंह जेल में था, तब नेटवर्क संचालन और बाहरी संपर्क बनाए रखने में विक्रम की भूमिका अहम बताई जाती रही।

 

50 से अधिक आपराधिक मामलों की चर्चा
सूत्र बताते हैं कि विक्रम शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की चर्चा रही है। रंगदारी, धमकी, फायरिंग और हत्या जैसे मामलों में उसका नाम सामने आता रहा। झारखंड में उसे हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर के रूप में जाना जाता था।

 

2007 का आशीष डे हत्याकांड
2 नवंबर 2007 को जमशेदपुर के साकची क्षेत्र में ‘श्री लेदर्स’ के मालिक आशीष डे की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। इस हत्याकांड में विक्रम शर्मा और अखिलेश सिंह गिरोह का नाम प्रमुख आरोपियों में सामने आया था। इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत फैल गई थी।

 

2008 में बढ़ा पुलिस दबाव
वर्ष 2008 के दौरान कई हिंसक घटनाओं से गिरोह का नाम जुड़ता रहा। पूर्व जज पर हमला, व्यापारियों को धमकियां, दोबारा फायरिंग, सुरक्षा अधिकारी और ट्रांसपोर्टर की हत्या जैसी घटनाओं के बाद पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया।

यह भी पढ़ें 👉  नानकमत्ता में पुलिस दबिश के दौरान वृद्धा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन

 

रंगदारी नेटवर्क और आर्थिक साम्राज्य
सूत्रों के अनुसार जमशेदपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापारियों व ठेकेदारों से कथित रंगदारी वसूली का नेटवर्क सक्रिय था। विक्रम शर्मा का आर्थिक नेटवर्क कई राज्यों तक फैला बताया जाता है। उसके पास सैकड़ों करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने के दावे भी समय-समय पर सामने आते रहे, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी तक स्पष्ट नहीं है।

 

न्यूज 26” चैनल की शुरुआत
सूत्रों के अनुसार उसने झारखंड में “न्यूज 26” नाम से एक स्थानीय न्यूज चैनल भी शुरू किया था। स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा उसके प्रभाव विस्तार की रणनीति के रूप में होती रही।

 

2017 में देहरादून से गिरफ्तारी
19 अप्रैल 2017 को रांची पुलिस ने विक्रम शर्मा को देहरादून से गिरफ्तार किया था। उसे हवाई मार्ग से रांची ले जाया गया और उसके नेटवर्क से जुड़े मामलों में पूछताछ की गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना

 

फरारी के बाद देहरादून वापसी
पुलिस दबाव बढ़ने के बाद वह झारखंड से गायब हो गया था। लंबे समय तक उसकी लोकेशन स्पष्ट नहीं रही। बाद में वह देहरादून लौट आया और रेसकोर्स क्षेत्र में रहने लगा। सूत्रों के अनुसार वह काशीपुर में स्टोन क्रशर कारोबार से जुड़ा था और खुद को व्यवसायी के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा था।

 

हत्या के पीछे पुराने नेटवर्क का एंगल?
13 फरवरी 2026 को सिल्वर सिटी मॉल में हुई गोलीबारी में उसकी मौत हो गई। पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि हत्या का संबंध उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क, आर्थिक हितों के टकराव, रंगदारी विवाद या आपसी रंजिश से तो नहीं है।

 

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। राजधानी के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की जांच जारी है।