हल्द्वानी में तेज रफ्तार अर्टिगा ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को रौंदा, 22 वर्षीय युवक की मौत; साथी वेंटिलेटर पर

हल्द्वानी न्यूज़- रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेलबाबा के पास तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 22 वर्षीय अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
रुद्रपुर से काम करके लौट रहे थे दोनों दोस्त
हल्द्वानी के उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान एसी मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को वह अपने दोस्त के साथ काम के सिलसिले में रुद्रपुर गया था। देर शाम दोनों स्कूटी से हल्द्वानी लौट रहे थे।
बेलबाबा के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार
दोनों जैसे ही रामपुर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में बेलबाबा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में कार के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा।
सिर में आई गंभीर चोटें
हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। टक्कर की आवाज और चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 22 वर्षीय अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
कार चालक हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







