कैंची धाम स्थापना दिवस: 13 से 16 जून तक महा ट्रैफिक प्लान लागू, टू-व्हीलर और भारी वाहनों की एंट्री बंद

नैनीताल न्यूज़- विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के भवाली स्थित श्री कैंची धाम के स्थापना दिवस और भव्य मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष ‘महा ट्रैफिक प्लान’ लागू रहेगा। इस दौरान कैंची धाम मार्ग पर भारी माल वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि विभिन्न स्थानों पर पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
भारी माल वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन के अनुसार 13 जून सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक और 14 जून की रात 12:01 बजे से 16 जून रात 11 बजे तक सभी भारी माल वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। राशन, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन केवल 13 जून रात 11 बजे से 14 जून सुबह 6 बजे तक ही आवागमन कर सकेंगे।
अल्मोड़ा और बागेश्वर की ओर जाने वाले भारी वाहन रामनगर-मोहान-रानीखेत मार्ग से भेजे जाएंगे, जबकि पिथौरागढ़ और चंपावत के वाहनों को टनकपुर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
दोपहिया वाहनों की एंट्री भी बंद
14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम की ओर जाने वाले सभी निजी और टैक्सी दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को काठगोदाम रेलवे स्टेशन, नगर निगम इंटर कॉलेज, विकास भवन भीमताल और फरसौली पार्किंग में खड़ा करना होगा।
बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
दिल्ली, एनसीआर, देहरादून, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी के तीनपानी और गोलापार होते हुए काठगोदाम रेलवे स्टेशन तथा नगर निगम पार्किंग तक भेजा जाएगा। यहां से श्रद्धालु शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम पहुंचेंगे।
वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। रामनगर, लालकुआं और हल्द्वानी से भीमताल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े होंगे।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खैरना पार्किंग निर्धारित की गई है, जहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
रोडवेज और केमू बसों का रूट बदलेगा
13 जून तक रोडवेज और केमू बसों का संचालन सामान्य रहेगा। हालांकि 14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जाने वाली बसें भवाली और कैंची धाम क्षेत्र से नहीं गुजरेंगी। इन बसों को खुटानी बैंड और क्वारब से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा।
पहाड़ और मैदान के बीच यातायात रहेगा डायवर्ट
हल्द्वानी से अल्मोड़ा-बागेश्वर जाने वाले वाहनों को भीमताल, खुटानी बैंड, नथुवाखान और रामगढ़ होते हुए भेजा जाएगा। इसी प्रकार अल्मोड़ा, बागेश्वर और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
इन स्थानों से मिलेगी शटल सेवा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने 10 प्रमुख स्थानों को शटल सेवा केंद्र बनाया है। इनमें सैनिटोरियम पार्किंग भवाली, जंगलात बैरियर भवाली, ब्लॉक पार्किंग भीमताल, खैरना पार्किंग, पनीराम ढाबा, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड नैनीताल, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केमू स्टेशन हल्द्वानी और प्रस्तावित आईएसबीटी गौलापार शामिल हैं।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि कैंची धाम स्थापना दिवस के दौरान जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।








