गौला कटाव रोकने को स्थायी तटबंध की मांग, एसडीएम को ज्ञापन

लालकुआं न्यूज़– गौला नदी में बढ़ते कटाव को लेकर गौला नदी स्थायी तटबंध निर्माण संघर्ष समिति से जुड़े ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम रेखा कोहली को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने नदी किनारे स्थायी तटबंध का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि 27 सितंबर की बैठक में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन को बाढ़ सुरक्षा के लिए स्थायी तटबंध का स्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने निर्देशों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही देवरामपुर, लालकुआं और इमलीघाट गेटों से मिलने वाले खनन राजस्व का हिस्सा तटबंध निर्माण में लगाने, इंद्रनगर-इमलीघाट क्षेत्र में चुगान शुरू कराने तथा कटाव से प्रभावित कृषि भूमि और आवासों का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग उठाई।
ज्ञापन देने वालों में उमेश चंद्र भट्ट, राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, भूपेश नैनवाल, कंचन सिंह मोरा, दीवान सिंह भाकुनी और दर्शन सिंह कोरंगा समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।








