नगरासू गुरुद्वारा विवाद: तीसरे दिन भी डटे निहंग, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रुद्रप्रयाग न्यूज़- जनपद के नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंगों का कब्जा सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुद्वारे की दूसरी और तीसरी मंजिल पर चार निहंग शनिवार से डटे हुए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी के जवान मौके पर तैनात हैं।
प्रशासन और निहंगों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। हालांकि रविवार को निहंगों ने अपने कब्जे में रखे गए एक सेवादार को रिहा कर दिया था।
कर्णप्रयाग की घटना से जुड़ा है विवाद
यह पूरा मामला 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में हुई हिंसक घटना से जुड़ा हुआ है। हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे कुछ निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निहंगों ने तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए थे। इस दौरान एक निहंग भी घायल हुआ था।
घटना के बाद तीन निहंग मौके से फरार हो गए थे, जबकि पुलिस ने बाद में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी का उपचार पुलिस निगरानी में चल रहा है।
साथियों की रिहाई की मांग पर कब्जा
गिरफ्तार निहंगों की रिहाई की मांग को लेकर कुछ निहंग शनिवार को नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने दो सेवादारों के साथ मारपीट की और एक को बंधक बना लिया। इसके बाद निहंग गुरुद्वारे की ऊपरी मंजिलों पर चढ़ गए और वहां से तलवारें लहराते हुए अपने विरोध का प्रदर्शन किया।
रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों और निहंगों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। इस दौरान बंधक बनाए गए सेवादार को छोड़ दिया गया, लेकिन निहंग गुरुद्वारे से बाहर आने को तैयार नहीं हुए।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। रविवार को एहतियातन रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग क्षेत्र में कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद की गई थीं।
अधिकारियों ने की शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार शाम आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से गुरुद्वारे में विवाद की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सेवादारों और निहंगों के बीच विवाद की पुष्टि हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की गई।
वहीं, जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सभी सड़क मार्ग खुले हैं और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल प्रशासन शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयासों में जुटा हुआ है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।








