उत्तराखंड में चुनावी मोड में बसपा, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी; रुड़की में शक्ति प्रदर्शन की रणनीति

देहरादून न्यूज़- विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तराखंड में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनावी मैदान में पूरी ताकत से उतरने की रणनीति तैयार की है। सोमवार को सेवला कला स्थित अंबेडकर भवन में हुई बैठक में देहरादून जिले की विधानसभा सीटों समेत प्रदेशभर में संगठन विस्तार को लेकर मंथन किया गया।
बैठक में उत्तराखंड प्रभारी और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जीसी दिनकर ने कहा कि चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करना सबसे अहम है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही बसपा की विचारधारा, संविधान, सामाजिक न्याय और बहुजन हितों से जुड़ी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतरने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। पार्टी का फोकस अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।
नौ अक्टूबर को रुड़की में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
बैठक में नौ अक्टूबर को रुड़की में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर भी रणनीति बनाई गई। देहरादून से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा हुई। पार्टी इसे संगठन की ताकत दिखाने के बड़े अवसर के तौर पर देख रही है।
बैठक में जिला अध्यक्ष देहरादून केपी सिंह, प्रदेश महासचिव सतेंदर, पूर्व प्रदेश महासचिव रतिराम, जोन प्रभारी सत्यपाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बसपा नेतृत्व ने आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने का संदेश दिया।






