उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में बारिश का कहर: 6 जिलों में यलो अलर्ट, 91 सड़कें बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और ऊधम सिंह नगर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

 

 

खराब मौसम को देखते हुए देहरादून में प्रशासन ने सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की है।

 

 

आठ नदियों का जलस्तर वार्निंग लेवल के पार

लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। गंगा, सरयू-गोमती समेत आठ नदियों का जलस्तर वार्निंग लेवल के पार पहुंच गया है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से त्रिवेणी घाट पानी में डूब गया है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) इस विभाग में 4 साल में 15 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी, पढ़े पूरी खबर।

 

 

स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन में भी गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। यहां गंगा का पानी शिव मूर्ति को छूकर बह रहा है। नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

 

चंद्रभागा नदी उफान पर, कई वाहन पानी की चपेट में

बारिश के कारण चंद्रभागा नदी भी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कई वाहन पानी की चपेट में आ गए। वहीं, शारदा बैराज का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- वनभूलपुरा पुलिस ने शातिर अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चोरी की 12 मोटरसाइकिलों संग 06 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

 

 

लैंडस्लाइड से 91 सड़कें बंद

भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण प्रदेश में 91 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें 2 स्टेट हाईवे, 1 बॉर्डर रोड, 13 पीडब्ल्यूडी सड़कें और 75 पीएमजीएसवाई/आरडब्ल्यूडी सड़कें शामिल हैं।

 

 

बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

 

 

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

19 अगस्त: बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ हुआ भीषण सड़क हादसा: बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन भिड़े, CNG सिलेंडर फटने से लगी आग; महिला की मौत, 15 से अधिक घायल

 

 

20 अगस्त: बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है।

21 अगस्त: बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना है।

 

 

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।