रामनगर: डंपर से टकराकर पलटी स्कॉर्पियो, युवक की मौत; पत्नी गंभीर घायल

रामनगर न्यूज़– उत्तराखंड के रामनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-309 (काशीपुर-बुआखाल मार्ग) पर शुक्रवार तड़के डंपर और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
रात करीब 1:45 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी यतीश पुत्र सुरेश अपनी पत्नी शीतल यादव के साथ स्कॉर्पियो से रामनगर की ओर आ रहे थे। वाहन जितेश चला रहा था। शुक्रवार तड़के करीब 1:45 बजे काशीपुर की ओर उपखनिज लेकर जा रहे एक डंपर और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार दोनों लोग वाहन के नीचे दब गए।
राहगीरों की मदद से निकाले गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों की मदद से दोनों घायलों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया। दोनों को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद देर रात हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
नैनीताल की ओर जा रहे थे पर्यटक
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार पर्यटक नैनीताल की ओर जा रहे थे। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे।
फिलहाल हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।








