लालकुआं में तेज रफ्तार कार का कहर, बिन्दुखत्ता निवासी स्कूटी सवार युवक कई फीट उछला; हालत गंभीर

लालकुआं न्यूज़- नगर के मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने स्थित कट पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बिंदुखत्ता निवासी 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरा। घायल को 108 सेवा की मदद से हल्द्वानी स्थित एसटीएच भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता निवासी मनोज कुमार कर्नाटक (35) पुत्र भुवन चंद्र कर्नाटक मंगलवार शाम करीब चार बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी से मुक्तिधाम के सामने स्थित कट से लालकुआं की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान नगला की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मनोज कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके दोनों पैरों, सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना में इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। घायल मनोज को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए एसटीएच हल्द्वानी भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक ही दिन में दो हादसों से बढ़ी चिंता
लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। एक ही दिन में दो सड़क हादसे होने के बाद दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।








