उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी में बेल्टबाजों का आतंक! राहगीरों और बच्चे को बनाया निशाना, वायरल वीडियो के बाद SSP नैनीताल का एक्शन, 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी न्यूज़- दो नहरिया रोड पर बाइक सवार युवकों ने सरेआम बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराते हुए जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान आरोपियों ने साइकिल से जा रहे एक बच्चे पर भी बेल्ट से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

 

 

दो नहरिया रोड पर मचाया था हुड़दंग

घटना 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड की बताई जा रही है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवक हाथों में बेल्ट लहराते हुए सड़क पर राहगीरों को डराते-धमकाते नजर आए। इसी दौरान उन्होंने साइकिल से जा रहे एक बच्चे को भी नहीं बख्शा और उसके साथ बेल्ट से मारपीट की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ 16 वर्षीय छात्र ने घर पर रखी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती।

 

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल इसका संज्ञान लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

 

 

CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड-(शर्मशार) यहाँ पिता ने रिश्ते को किया कलंकित, सौतेली बेटी से किया दुष्कर्म, आरोपी को पुलिस ने यहाँ से किया गिरफ्तार।

 

 

पुलिस के अनुसार, सीतेश आर्य (25), निवासी दमुवादूंगा के खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की गई। वहीं गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27), सभी निवासी दमुवादूंगा, काठगोदाम, को गिरफ्तार किया गया है।

 

 

इसके अलावा दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

 

 

बिना नंबर की बाइक समेत दो वाहन सीज

हुड़दंग में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स और दूसरी बुलेट मोटरसाइकिल शामिल है। दोनों वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- प्रेदश के बेरोजगार युवा हो जाएं तैयार, महिला होमगार्ड भर्ती के बाद अब पुरुष होमगार्ड के लिए जल्द होगी भर्ती

 

 

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की घटनाओं का कोई वीडियो सामने आने पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।