उत्तराखंड में मौसम बदलेगा करवट, कल से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार; जानिए अगले तीन दिन का हाल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पहाड़ी जिलों में आज बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य से अधिक तक रहा।
विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और अगले दो से तीन दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 11 जून से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
11 जून:
पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है।
12 जून:
राज्य के पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन देखने को मिल सकता है।
13 जून:
उत्तराखंड के अधिकांश पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मैदानी जनपदों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।







