चंपावत में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार टैक्सी ट्रैक्टर में घुसी, चालक की मौत; दंपती समेत 3 घायल

टनकपुर/चंपावत- चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचई स्थित सेल टैक्स कार्यालय के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह टैक्सी कार (UK 05 TA 4368) फागपुर से टनकपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान विचई में सेल टैक्स कार्यालय के पास टैक्सी अचानक अनियंत्रित हो गई और खटीमा की ओर जा रहे ट्रैक्टर (UP 26 L 1466) के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
हादसे में टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला। वहीं ट्रैक्टर पर सवार दयाराम (55), उनकी पत्नी रामवती (50) और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के प्रभाव से दंपती सड़क किनारे जंगल की ओर जा गिरे।
सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय टनकपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नोनीहाल सिंह ने जांच के बाद टैक्सी चालक को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि चालक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय हरीश पुत्र मोहन सिंह निवासी डीडीहाट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हरीश शुक्रवार शाम सवारियां लेकर डीडीहाट से बनबसा के फागपुर पहुंचे थे। शनिवार सुबह वह अकेले ही वापस डीडीहाट लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हरीश अपने पीछे माता-पिता, पत्नी नीतू और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।








